मथुरा। सौंख में फूलडोल मेला के उपरांत चरकुला नृत्य प्रस्तुत करती महिला।
- फोटो : MATHURA
सौंख (मथुरा)। चरकुला नृत्य और भजन संध्या के साथ कस्बे में फूलडोल मेला बृहस्पतिवार को संपन्न हुआ। शुभारंभ चेयरमैन भरत सिंह ने किया।
दिन में फूल डोल मेला के उपरांत शाम को कस्बा की महिलाओं ने चरकुला नृत्य प्रस्तुत किया। महिलाओं ने सवा मन के चरकुला में दीपकों को जला कर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। चरकुला में भाग लेने वाली महिलाओं और बंब पार्टियों को मेला कमेटी ने पुरस्कार प्रदान किए। जिकड़ी भजन प्रतियोगिता में 31 गायक मंडलियों ने भाग लिया। पूरी रात भजन गायकों ने समा बांधा।
जिकड़ी भजन बृहस्पतिवार को दोपहर तक चले। प्रतियोगिता में कमेटी की ओर से लक्ष्मन हरियापुर, जितेंद्र झुड़ाबई, बनबारी नगला अजीत, श्यामवीर कुमरपुर व मोतीलाल लोहपुर को संयुक्त रूप से प्रथम पुरस्कार 7100 रुपये और प्रीति चौधरी को द्वितीय पुरस्कार 5100 रुपये से सम्मानित किया गया। जिकड़ी भजन प्रतियोगिता का प्रथम पुरस्कार नगर पंचायत द्वारा दिया गया। 15 बंब पार्टियों को 1500 रुपये और घोड़ी एवं ऊंट नृत्य कलाकारों को 7100 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मेले के व्यवस्थापक नगर पंचायत अध्यक्ष चौधरी भरत सिंह व भाजपा के मंडल महामंत्री प्रहलाद सिंह ने चरकुला नृत्य करने वाली महिलाओं को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।