ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा के दौरान कोयल घाट पर नाव से यमुना पार करने से रोकने पर श्रद्धालु और पुलिस आमने-सामने आ गए। परिक्रमार्थियों ने 100 साल पुरानी परंपरा बंद करने का विरोध करते हुए जमकर नारेबाजी की।
ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा के दौरान रविवार को कोयल घाट पर उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब महावन पुलिस ने परिक्रमार्थियों को नाव में बैठकर यमुना पार करने से रोक दिया। पुलिस की रोकटोक से नाराज श्रद्धालु पुलिसकर्मियों से भिड़ गए और काफी देर तक बहस होती रही।
विज्ञापन
परिक्रमार्थियों का कहना था कि यह परिक्रमा मार्ग वर्षों पुराना है और करीब 100 साल से श्रद्धालु इसी रास्ते से नाव द्वारा यमुना पार करते आ रहे हैं। श्रद्धालुओं ने पुलिस से सवाल किया कि यदि प्रशासन की ओर से कोई प्रतिबंध लगाया गया है तो उसका लिखित आदेश दिखाया जाए।
घटना के दौरान घाट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई श्रद्धालु “पुरानी परिक्रमा इसी मार्ग से जाएगी” के नारे लगाते हुए पुलिस कार्रवाई का विरोध करते रहे। पुलिसकर्मियों ने श्रद्धालुओं को समझाने का प्रयास करते हुए सुरक्षा कारणों का हवाला दिया।
विज्ञापन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस और परिक्रमार्थियों के बीच काफी देर तक तीखी नोकझोंक चलती रही। बाद में वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत के बाद मामला शांत हुआ और स्थिति सामान्य बनी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कोयल घाट पर परिक्रमा मार्ग और नाव संचालन को लेकर पहले भी विवाद की स्थिति बन चुकी है। उनका कहना है कि प्रशासन और नगर पंचायत को पहले से स्पष्ट व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।