मथुरा। बकरीद के मद्देनजर शनिवार को मथुरा शहर की यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किए गए हैं। सुबह 6 बजे से नमाज संपन्न होने तक शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही को लेकर सख्ती बरती जाएगी। सुरक्षा व सुगम यातायात प्रबंधन के दृष्टिगत पुलिस द्वारा कुल 12 स्थानों पर डायवर्जन लागू किया गया है।
डीग गेट, चौक बाजार, भरतपुर गेट और मसानी चौराहे सहित कई संवेदनशील मार्गों पर भारी वाणिज्यिक वाहनों के साथ-साथ आवश्यकता पड़ने पर छोटे वाहनों का प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वह तय समय के दौरान वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें और यातायात नियमों का पालन करते हुए सहयोग प्रदान करें। एंबुलेंस और फायर सर्विस जैसे आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को सभी प्रकार के प्रतिबंधों से मुक्त रखा गया है। यातायात पुलिस द्वारा यह कदम नमाज के दौरान भीड़भाड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है। पुलिस ने स्थानीय नागरिकों से सहयोग की अपील की है ताकि त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
यह रहेगा डायवर्जन: मसानी चौराहे से डींग गेट केजेएस फाटक की ओर, यादव चौराहे से रुपम तिराहे की ओर, रुपम सिनेमा से डींग गेट की ओर, भैस बहोरा से भरतपुर गेट की ओर, भूतेश्वर तिराहा अमरनाथ कट से केजेएस फाटक डींग गेट की ओर, होली गेट से भरतपुर गेट की ओर, गोकरन तिराहा से चौक बाजार की ओर, मिलन तिराहा से चौक बाजार की ओर, भरतपुर गेट से चौक बाजार की ओर, होली गेट से चौक बाजार की ओर, विश्राम घाट से चौक बाजार की ओर और लाल दरवाजे से चौक बाजार की ओर सभी प्रकार के छोटे/बड़े वाहन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगे।