मथुरा। हाईवे थाना क्षेत्र स्थित गोवर्धन चौराहे के पास शुक्रवार की सुबह ऑटो की किस्त जमा करने जा रहे मजदूर को हाइड्रा ने रौंद दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना क्षेत्र के गांव उसपार निवासी मोहित ने बताया कि उनके बड़े भाई भोला (25) शादी विवाह में हलवाई के साथ कार्य करते थे। इसके अलावा मजदूरी भी करते थे। शुक्रवार की सुबह वह अपने छोटे भाई के ऑटो की किस्त जमा करने के लिए जा रहे थे। गोवर्धन चौराहा के पास तेज गति में आए हाइड्रा के चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। दुर्घटना में वह घायल हो गए।
थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद शाही घायल को लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजन को सूचना दी। सीओ रिफाइनरी श्वेता वर्मा ने बताया कि दुर्घटना के बाद चालक हाइड्रा को छोड़कर भाग गया। वाहन को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। परिजन ने अभी तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।