मथुरा। बर्फीली हवा ने ठंड बढ़ा दी। इससे लोग बेहाल नजर आए। हाल यह रहा कि न सिर्फ उनकी कंपकंपी छूटी बल्कि दिनचर्या भी प्रभावित हो गई।
शुक्रवार को दिन में हल्की धूप निकली, लेकिन ठंडी हवा का सितम जारी रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 5 डिग्री लुढ़क गया है। मौसम विभाग ने 21 और 22 जनवरी को तेज हवा के साथ बारिश के आसार जताए हैं। नए साल से शुरू हुई गलन भरी सर्दी का असर बरकरार है। रात से छाए कोहरे का असर सुबह तक रहा। दिनभर हल्की धूप तो कभी बादल छाए रहने का सिलसिला शाम तक जारी रहा। इससे ठंड के तेवर और कड़क हो गए। इसका असर बाजारों में भी दिखा।
ठंड से बचने के लिए लोग घर से सड़क तक अलाव व गैस हीटर पर तापते दिखे। मौसम विभाग की वेबसाइट के अनुसार, न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 7.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। वहीं अधिकतम पारा 16.4 रिकॉर्ड किया गया है।