मथुरा। कोसीकलां में नाले की सफाई के दौरान हुए झगड़े के बाद चेयरमैन नरेंद्र कुमार।
- फोटो : KOSI
कोसीकलां (मथुरा)। जल निकासी के लिए नाला खुलवाने श्मशान घाट पहुंचे नगर पालिका के चेयरमैन नरेंद्र कुमार और श्मशान घाट सेवा समिति के प्रबंधक ब्रजभूषण अग्रवाल में शुक्रवार को मारपीट हो गई। झगड़े में दोनों ने एक दूसरे के कपड़े फाट डाले। दोनों को चोट भी आई। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस जब ब्रजभूषण को थाने ले गई।
उसी दौरान तमाम लोग चेयरमैन के साथ थाने पहुंच गए। जहां भीड़ ने प्रबंधक के साथ अभद्रता कर दी। जिसके बाद पुलिस ने लाठियां भांजकर भीड़ को थाने से खदेड़ा। इस मामले में दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने दोनों ओर से मुकदमा लिखकर जांच शुरू कर दी है।
शुक्रवार की सुबह कमला नगर में जलभराव की शिकायत पर शालीमार रोड स्थित नाले को खुलवाने के लिए चेयरमैन नरेंद्र कुमार जेसीबी मशीन लेकर श्मशान घाट के समीप पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार श्मशान घाट सेवा समिति के प्रबंधक ब्रज भूषण अग्रवाल ने नाला खुलवाए जाने का विरोध किया और कहा कि नाला सही ढंग से नहीं बनाया गया।
नाले का निर्माण सही ढंग से कराएं, इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। झगड़ा होते देख पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और बंद पड़े नाले को खुलवा दिया। इसी दौरान दोनों में फिर विवाद हो गया। मामला मारपीट तक पहुंच गया। दोनों के कपड़े भी फट गए। चेयरमैन नरेंद्र कुमार को खरोच आई है। वहीं, ब्रज भूषण अग्रवाल भी चुटैल हो गए।
उधर, पुलिस ब्रजभूषण को थाने ले गई। इसके बाद तमाम लोग चेयरमैन के साथ थाने पहुंच गए। भीड़ में से कुछ लोगों ने थाने में ब्रजभूषण अग्रवाल से अभद्रता कर दी। जिसके बाद पुलिस ने भीड़ पर लाठियां भांजी और उन्हें थाने से बाहर खदेड़ दिया।
एसपी देहात आदित्य कुमार थाने पहुंच गए। मामले में दोनों ने एक दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने दोनों को मेडिकल के लिए भेजा है। एसपी देहात आदित्य कुमार ने कहा कि दोनों तरफ से मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई हैं।