रविवार को ठाकुर केशवदेव बैंगनी घटा में विराजे। बैंगनी वस्त्र और लता-पता की वृक्षावली से सजा केशवदेव महाराज का मंदिर परिसर अलग ही छठा बिखेर रहा था। श्रीकृष्ण जन्मस्थान स्थित ठा. केशवेदव महाराज मंदिर परिसर में बैंगनी घटा के मनोहारी दर्शनों के लिए कतारें लगी रहीं।
संपूर्ण मंदिर परिसर को बैंगनी वस्त्र और लता-पता से सजाया गया। प्रवेश द्वार पर भव्य सज्जा कर बैंगनी घटा के दृश्य का निर्माण किया गया। ठाकुरजी की पोशाक और शृंगार भी मनोहारी था। भागवत भवन में श्रीराधाकृष्ण मंदिर में हिंडोले बैंगनी घटा के अनुरूप सजाए गए। श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के मुख्य अधिशासी राजीव श्रीवास्तव का कहना है कि 11 अगस्त को ठाकुर केशवदेव महाराज लाल घटा में दर्शन देंगे।