खिचड़ी महोत्सव के अंतर्गत ठाकुर राधावल्लभ लाल महाराज ने गुरुवार को बेलवन में लगने वाले लक्ष्मी मेला के अंतर्गत माता लक्ष्मी के वेश में भक्तों को दर्शन दिए। ठाकुरजी की एक झलक पाने के लिए श्रद्धालुओं में होड़ सी मची रही।
इस अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने दर्शन का लाभ लिया और खिचड़ी भोग का प्रसाद लिया। सुबह जैसे ही दर्शन खुले संपूर्ण मंदिर प्रांगण राधावल्लभ लाल और लक्ष्मीजी के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
मंदिर सेवायत ने ठाकुरजी को खिचड़ी का भोग लगाया। मंदिर के सेवायत चंदन गोस्वामी, चंचल गोस्वामी और सकृत गोस्वामी ने बताया कि मंगला दर्शनों में होने वाले खिचड़ी महोत्सव के अंतर्गत ठाकुरजी प्रतिदिन अलग-अलग वेश में दर्शन देते हैं।
ठाकुरजी को खिचड़ी के साथ-साथ गजक, रेवड़ी, मक्खन, मिश्री, रबड़ी, कुलिया, चिपिया आदि मेवा निवेदित की गईं।