धर्म नगरी के मंदिरों में अक्षय तृतीया पर्व की तैयारियां जोरों पर हैं। नगर के सप्तदेवालयाें ठाकुर राधादामोदर, राधारमण मंदिर, राधामदनमोहन, राधावल्लभ, राधागोविंद, राधागोकुलानंद, राधाश्याम सुंदर अन्य मंदिरों में चंदन शृंगार के अद्भुत दर्शनों की झांकी के लिए मंदिर के सेवायतों ने ठाकुरजी को लगाए जाने वाला चंदन घिसना शुरू कर दिया है।
राधादामोदर मंदिर के सेवायत आचार्य निर्मलचंद्र गोस्वामी ने बताया कि अक्षय तृतीया पर गर्मी से राहत देते के लिए ठाकुरजी के शरीर पर चंदन का लेप लगाया जाता है। अक्षय तृतीया 21 अप्रैल को मनाई जाएगी। इधर, विश्व विख्यात ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में वर्ष में एक बार होने वाले चरण दर्शनों की तैयारियां जोरों पर हैं। बांकेबिहारी मंदिर के सेवायत ब्रजकिशोर गोस्वामी ने बताया कि अक्षय तृतीया का पर्व ब्रजमंडल का विशेष पर्व है। इस तिथि को जो भी दान पुण्य किया जाता है उसे यह तिथि अक्षय बना देती है।