जवाहरबाग हिंसा की जांच में सीबीआई रामवृक्ष के संगठन को फाइनेंस करने वालों की तलाश भी कर रही है। संगठन के लिए पैसा और अनाज कहां से आ रहा था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। जवाहरबाग खाली कराते वक्त पुलिस को मिले रिकार्ड को भी सीबीआई ने मांगा है।
जवाहरबाग हिंसा की जांच कर रही सीबीआई ने रामवृक्ष और उसके समर्थकों पर अब तक दर्ज मुकदमों का पूरा ब्यौरा ले लिया है। अब वह रिकार्ड मांगा जा रहा है जो जवाहरबाग में बने रामवृक्ष के आफिस से बरामद हुआ था। इस रिकार्ड में एक डायरी भी है, जिसमें प्रदेश और दूसरे राज्यों से आने वाले चंदे का जिक्र था। कहां से कितना गेहूं आया और कहां से चावल मिला। पूरी डिटेल इस डायरी पर अंकित थी। इसमें ही कई ऐसे लोगों के नाम दर्ज हैं जो रामवृक्ष को बाकायदा चंदा दिया करते थे।
अफसरों का कहना है कि सीबीआई ने जो भी दस्तावेज मांगे थे वह सभी उपलब्ध करा दिए गए हैं। वहीं बताया जा रहा है कि सीबीआई जिला कारागार में बंद कब्जाधारियों से भी पूछताछ करेगी। वह जवाहरबाग में कैसे और क्यों आए सहित सभी बिंदुओं पर सिलसिलेवार जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं उन पुलिस वालों की भी सूची बनाई जा रही है जो जवाहरबाग खाली कराने के लिए एसपी सिटी के साथ गए थे। इनमें तमाम लोग ऐसे हैं जो दूसरे जिलों को ट्रांसफर हो गए हैं। इनको भी बयान देने के लिए कॉल किया जाएगा।