जवाहर बाग हिंसा की जांच सीबीआई से कराने के लिए शहीद एसपी सिटी मुकुल द्विवेदी के भाई प्रफुल्ल द्विवेदी ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस को पत्र भेजा है।
मथुरा के जवाहर बाग को कब्जाधारी रामवृक्ष यादव और उसके साथियों से खाली कराते समय दो जून को हिंसा हो गई थी। इस हिंसा में एसपी सिटी मुकुल द्विवेदी और थानाध्यक्ष फरह संतोष कुमार समेत 29 लोगों की मौत हो गई थी। मामले में सरकार ने जांच के लिए एक न्यायिक आयोग का गठन किया। आयोग मामले की जांच कर रहा है।
वहीं मुकुल द्विवेदी के भाई प्रफुल्ल द्विवेदी ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस को पत्र भेजकर इस हिंसा की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है। प्रफुल्ल ने कहा है कि वह यह जानना चाहते हैं कि उनका भाई किन हालातों में भीड़ में फंसा। कौन अधिकारी उनके साथ थे और क्यों उन्हें छोड़कर भाग आए थे। उन्हें अकेला क्यों भेजा गया। बड़े अधिकारी इस आपरेशन से दूर क्यों रहे।