शुक्रवार की दोपहर छाता कोतवाली के सामने पुलिस ने चेकिंग के दौरान बसपा जिलाध्यक्ष सत्यप्रकाश कर्दम की गाड़ी से पांच लाख रुपये और प्रचार सामग्री बरामद की है। जिलाध्यक्ष कैश के बारे में कोई जानकारी पुलिस को नहीं दे पाए। पुलिस ने नकदी को जब्त कर लिया है।
दिल्ली-आगरा हाईवे पर छाता कोतवाली के सामने पुलिस और स्टेटिक मजिस्ट्रेट ने कोसीकलां की तरफ से आ रही सफेद रंग की स्कार्पियो को रोका गया। इसे फरह क्षेत्र के गांव कवायला निवासी नीरज सिंह चला रहा था। गाड़ी में बसपा जिलाध्यक्ष सत्यप्रकाश कर्दम भी बैठे थे।
जिलाध्यक्ष ने भी मजिस्ट्रेट को अपना परिचय देते हुए चेकिंग पर आपत्ति जताई। इनके विरोध को दरकिनार कर गाड़ी चेक की गई तो उसमें से पांच लाख का कैश बरामद किया। दो-दो हजार के 250 नोट थे। पुलिस ने तत्काल ही नोटों को सील कर दिया। अफसरों ने जब बसपा जिलाध्यक्ष से इस कैश के संबंध में पूछताछ की तो वे कुछ बता नहीं पाए। लिहाजा पैसा जब्त कर लिया गया है। गाड़ी में झंडे और बैनर भी रखे थे।
एक्सप्रेसवे पर पकड़ा एक लाख 40 हजार
यमुना एक्सप्रेसवे पर चेकिंग के दौरान एक लाख 40 हजार रुपये कैश पकड़ा गया है। पुलिस ने दोपहर को नोएड़ा की तरफ से आ रही होंडा सिटी कार को चेक किया तो गाड़ी से एक लाख 40 हजार का कैश बरामद किया है। यह रकम मथुरा निवासी मनीष चतुर्वेदी का था। कई दूसरी गाड़ियों को भी यहां रोककर चेक किया गया। पुलिस की चेकिंग से दिनभर हड़कंप मचा रहा।
वृंदावन में जब्त किया एक लाख से अधिक
शुक्रवार दोपहर को कार्यकारी मजिस्ट्रेट आरके गौतम ने कार से एक लाख दस हजार की नकदी जब्त की। सौ फुटा क्रासिंग मथुरा रोड पर वाहन चेकिंग के दौरान ये कार्रवाई की गई। कार चालक भरतपुर निवासी मनोज कुमार रकम से संबंधित दस्तावेज नहीं दिखा पाए। मनोज के अनुसार वो भरतपुर से लकड़ी खरीदने के लिए मथुरा जा रहे थे।