वृंदावन। किशोरपुरा क्षेत्र में एक युवक की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। वृंदावन कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कुछ युवकों को हिरासत में भी लिया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।
पीड़ित युवक भरतपुर गेट वाल्मीकि बस्ती निवासी जीतू ने पुलिस को बताया कि वह बृहस्पतिवार की रात अपने मामा के जन्मदिन समारोह में शामिल होने आया था। रात करीब 10 बजे जब वह अपने भाई सहदेव और भतीजी नायरा के साथ स्कूटी से जा रहा था, तभी कृष्णा, गोलू, बबी और राहुल नामक युवकों ने उसे रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद लाठी-डंडों और तमंचे से हमला किया गया।
जीतू ने बताया कि इन लोगों से उनका पुराना विवाद है। उनके भाई संजय की हत्या के मामले में पहले से ही कोतवाली मथुरा में मुकदमा दर्ज है और न्यायालय में सुनवाई चल रही है।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर कृष्णा, गोलू, बबी उर्फ धीरेंद्र और राहुल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मुख्य आरोपी की तलाश है।