वृंदावन। रमणरेती चौराहा के समीप कार सवार चार लुटेरों ने वहां से गुजर रहे श्रद्धालु को अगवा कर उससे लाखों रुपये के आभूषण एवं 45 हजार रुपये लूट लिए। लूट के बाद आरोपी पीड़ित को हाईवे पर छोड़कर कार भाग गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर लुटेरों की तलाश में जुटी है।
कन्नौज के सौरिख, सुभाष नगर निवासी सौरभ शर्मा बुधवार रात करीब 12 बजे संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन करने के लिए आए थे। बृहस्पतिवार रात करीब पौने तीन बजे वह वह संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम की तरफ जाने लगे। इसी बीच रमणरेती चौराहा पर उनके पास एक स्विफ्ट कार आकर रुकी। कार चालक ने उनसे रास्ता पूछा। जैसे ही वह रास्ता बताने के लिए कार के पास पहुंचकर झुके तभी कार में सवार चार लोगों ने उन्हें अंदर खींच लिया और हाईवे की ओर कार दौड़ा दी।
रास्ते में लुटेरों ने श्रद्धालु से 15 हजार रुपये, सोने की चेन, अंगूठी और पेटीएम से जबरन 30 हजार रुपये उदयवीर सिंह नामक व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद उन्हें हाईवे पर छोड़ कर भाग गए। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि जिस कार में लुटेरे सवार थे वह आगरा नंबर की है। कार का नंबर यूपी 80 एचएम 4131 था। सीओ सदर पीतम पाल सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की है। कार के नंबर को ट्रेस कर लिया है। लुटेरों की तलाश की जा रही है।