फोटो यमुना एक्सप्रेस-वे पर क्षतिग्रस्त कार
महावन। यमुना एक्सप्रेस-वे पर महावन थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक सड़क हादसे में कार सवार महिला की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला के पति और तीन साल के बच्चे को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। बताया गया है कि हादसा चालक को झपकी आने के कारण हुआ।
जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश के भिंड निवासी अभिषेक अपनी पत्नी साक्षी (30) और तीन वर्षीय बच्चे के साथ कार से नोएडा जा रहे थे। अभिषेक नोएडा में नौकरी करते हैं। सोमवार रात करीब डेढ़ बजे महावन थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे के माइल स्टोन 119 के पास अभिषेक को अचानक झपकी आ गई, जिससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई।
हादसे में कार सवार तीनों लोग घायल हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची महावन पुलिस ने तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने साक्षी को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने बताया कि अभिषेक को हल्की चोटें आईं हैं, जबकि तीन साल का बच्चा पूरी तरह से सुरक्षित है। क्षेत्राधिकारी महावन संजीव कुमार राय ने बताया कि मृतका के परिजन को घटना की सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।