मथुरा। अग्रवाल क्लब परिवार की ओर से पहली बार श्रीनाथद्वारा में भगवान श्रीकृष्ण एवं राधारानी का ब्यावला मनोरथ धूमधाम से आयोजित किया गया। इस दौरान द्वारिकाधीश और श्रीनाथजी के भावपूर्ण मिलन ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में विवाह की रस्मों को श्रद्धा भाव के साथ निभाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत 8 अगस्त को मथुरा में निमंत्रण के साथ हुई। 16 अगस्त को मेहंदी, राधारानी की लग्न पत्रिका लेखन और झूलन उत्सव हुआ। 19 अगस्त को श्रीनाथद्वारा में ठाकुर कृष्ण कन्हैया की लगन चढ़ाई गई और तेल-हल्दी की रस्म हुई। शाम को होटल में महिला संगीत का आयोजन हुआ। नंदलाल-यशोदा और वृषभान-कीर्ति के स्वरूपों को उपहार भेंट किए गए।
20 अगस्त को बैंडबाजे के साथ ठाकुरजी की बरात निकली। आगे सखियां फूलों की पंखुड़ियां बिखेरती चल रहीं थीं। महिलाएं 16 शृंगार में और पुरुष सिर पर साफा बांधकर बरात में शामिल हुए। बरात के आगमन पर द्वाराचार की रस्म निभाई गई। इसके बाद राधा-कृष्ण की वरमाला हुई। ब्यावला मनोरथ में सदस्यों ने राधारानी का कन्यादान लेकर स्वयं को धन्य माना। कार्यक्रम में अध्यक्ष दिलीप, नीतू गर्ग, सचिव शोमित, शिल्पा अग्रवाल, उपाध्यक्ष गौरव, दीपा अग्रवाल, सीमा, धीरज गोयल, राधिका, योगेश अग्रवाल आदि मौजूद रहीं।