मथुरा। व्यापारियों ने डीएम से व्यापारिक गतिविधियां शुरू कराने की गुहार लगाई है। लॉकडाउन के दौरान केंद्र और राज्य सरकार द्वारा व्यापारिक गतिविधियों को फिर से शुरू करने संबंधी जारी दिशा-निर्देशों पर मथुरा का व्यापारी वर्ग भी अब अमल होने की उम्मीद लगाए है। 40 दिन से घर बैठे मजदूर भी अब चाहते हैं कि काम मिले। लॉकडाउन में परिवार की रोजी रोटी की जुगाड़ हो सके।
टेकमैन ग्रुप से नीरव अग्रवाल का कहना है कि प्रशासन को अब शासन के आदेशानुसार व्यापारिक गतिविधियों को सावधानी बतौर बढ़ाना चाहिए। जिले के उन इलाकों में व्यापारिक प्रतिष्ठानों को छूट प्रदान की जाए जहां ऐसा कोई मरीज सामने नहीं आया है। इसमें हाईवे से लगे व्यापारिक प्रतिष्ठानों को यहां खोला जाना चाहिए। आवश्यकता पर संबंधित प्रतिष्ठानों से जुड़े मजदूर और मालिक की थर्मल स्क्रीनिंग भी कराई जा सकती है।
उद्योग व्यापार मंडल के जिला महामंत्री अजय गोयल का कहना है कि प्रशासन को सील इलाके के बाहर के क्षेत्रों में आवश्यक सामग्री से जुड़ी दुकानों को खोलना चाहिए। हाईवे से जुड़े प्रतिष्ठानों को भी खोलना चाहिए, इससे व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ मजदूरों को रोजगार भी मिल सकेगा। इस दौरान पुलिस की सक्रियता बढ़ाते हुए थर्मल स्क्रीनिंग को भी बढ़ा दिया जाए।
व्यापारिक जगत से जुड़े पराग गुप्ता का कहना है कि प्रशासन को सील इलाके के बाहर व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की जरूरत है। पुराने शहर से बाहर का इलाके में व्यापारिक गतिविधियां बढ़ाई जाए। प्रभात रोटोपैक से राकेश कुमार अग्रवाल का कहना है प्रशासन को हॉटस्पॉट को छोड़कर बाकी इलाके को सामान्य मानते हुए छूट प्रदान करनी चाहिए। कई राज्य और जनपदों में ऐसा किया जा रहा है। कोशिश यही रहे कि भीड़ न जुटे। इसके लिए पुलिस कड़ाई करे। अधिक समय तक दुकान खुलने से भी भीड़ का दबाव कम होगा। इलेक्ट्रोनिक व्यवसायी नितिन अग्रवाल ने कहा कि जिला प्रशासन को ऑनलाइन मार्केट के पैटर्न पर हॉटस्पॉट के बाहर क्षेत्र में अन्य सामान भी पहुंचाने की अनुमति व्यापारियों को दी जाए। इससे व्यापारिक गतिविधियों को अब बढ़ाया जा सके।