छात्र-छात्राओं को लेकर आगरा जा रही मंगलायतन यूनिवर्सिटी की बस अलीगढ़ रोड पर राया थाना क्षेत्र में अयेरा गांव के पास पलट गई। हादसे में बीस स्टूडेंट घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। बाकी को मामूली चोट है।
अलीगढ़ जनपद के इगलास में है मंगलायतन यूनिवर्सिटी। शाम को अवकाश के बाद आगरा के छात्र-छात्राओं को लेकर बस यहां से निकली थी। शाम को करीब पौने पांच बजे अलीगढ़ मार्ग पर ग्राम अयेरा के समीप मोड़ पर बस पलट गई। ग्रामीणों का कहना है कि बस की रफ्तार तेज थी और जब चालक ने मोड़ा तो वो नियंत्रण नहीं रख पाया। बस सड़क किनारे खड़े बिजली के पोल से भी टकराई थी। वो तो गनीमत रही कि उस समय लाइट नहीं थी।
आसपास के ग्रामीणों ने बस में से छात्र-छात्राओं को बाहर निकाला। सीओ महावन भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए थे। बस के पलटने से यातायात भी बाधित हो गया था। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। क्रेन से बस को हटवाकर यातायात सुचारु करवाया गया। बताया गया कि दो छात्रों की हालत गंभीर है जिन का उपचार चल रहा है।
बिजली होती तो हो सकता था हादसा
ग्रामीणों ने बताया कि ये तो गनीमत रही कि बस पलटने से पांच मिनट पहले ही बिजली गुल हो गई थी। अगर बिजली होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। ग्रामीणों ने बताया कि जैसे ही बस लहराती हुई सड़क पर पलटी, तभी वह सड़क के किनारे लगे विद्युत पोल से टकराई। टूटे पोल के तार बस पर गिर गए थे। लेकिन गनीमत रही कि पंाच मिनट पहले बिजली सप्लाई बंद हो चुकी थी। अगर बिजली होती तो हादसा और बड़ा हो सकता था।