हरिनिकुंज चौराहा के निकट वृंदावन में नालों पर अतिक्रमण।
- फोटो : VRINDAVAN
वृंदावन (मथुरा)। धर्म नगरी वृंदावन में नालों पर बिल्डरों ने कब्जा कर लिया है। कहीं होटल व्यवसायी का नाले पर कब्जा है तो कहीं अन्य व्यवसायिक बिल्डिंग के मालिकों ने अपना कब्जा जमा लिया है। हरिनिकुंज चौराहा से इस्कॉन मंदिर मार्ग पर दोनों नाले अवैध कब्जे की चपेट में हैं।
वृंदावन में श्रद्धालुओं का बढ़ते रुझान ने यहां की जमीन की कीमत आसमान छू रही है। इस स्थिति में यहां के कारोबारियों ने नालों को भी नहीं छोड़ा है। अधिकांश स्थानों पर व्यवसायी अपनी व्यापारिक गतिविधियों के लिए नालों का उपयोग कर रहे हैं। इसके लिए नालों को पाट दिया गया है। निर्माण एजेंसियों ने भी नालों को बनाते वक्त व्यापारियों के हितों का ध्यान रखते हुए मोड़ भी दिया है।
नगर निगम प्रशासन को नालों पर किए गए इस अतिक्रमण की कोई चिंता नहीं है। आए दिन सड़कों पर अतिक्रमण हटाने वाली नगर निगम की टीमें इस ओर ध्यान नहीं देती हैं। इससे बरसात के दौरान वृंदावन की सड़कों को जलभराव से जूझना पड़ता है। अपर नगर आयुक्त एसके तिवारी का कहना है कि उक्त मार्ग पर सौंदर्यीकरण की योजना प्रस्तावित है। इसके अंतर्गत नालों पर हो रहे कब्जे भी हटाए जाएंगे।