थाना क्षेत्र के गांव देह में रविवार रात घर के बाहर बरामदे में सो रहे युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के मूल में पुरानी रंजिश बताई गई है। मामले में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
थाना मांट से करीब 10 किलोमीटर दूर जिला अलीगढ़ की सीमा पर बसे गांव देह में रविवार रात छत्रपाल अपनी पांच वर्षीय बेटी संध्या के साथ घर के बाहर बरामदे में चारपाई पर सो रहा था।
रविवार की रात करीब दस बजे हमलावरों पहुंचे और छत्रपाल को गोली मार दी। बताया गया कि गंभीर घायल छत्रपाल शोर मचाते हुए हमलावरों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन थोड़ी दूर जाकर जमीन पर गिर गए और उनकी मौत हो गई।
फायर की आवाज और शोरशराबा सुनकर लोग घरों से बाहर निकलकर आए तो छत्रपाल की हालत देख कोहराम मच गया। हत्या की सूचना पर थाना प्रभारी दुर्गेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी करने के बाद मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मथुरा भेजा दिया।
मामले में मृतक के भाई पूर्व प्रधान सत्यवीर ने सतीश निवासी गांव दमकोला थाना खैर अलीगढ़, पवन प्रकाश उर्फ कालू, अवधेश और राधेश्याम निवासी गांव देह के खिलाफ थाना मांट में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर में रंजिश का मामला नहीं दिया गया है, पर चर्चा है कि दोनों पक्ष आपस में रंजिश मानते थे।