फोटो 1: थाना मगोर्रा में पुलिस कार्यवाही के दौरान हत्यारोपी धारदार हाशिया के साथ मेघश्याम सिंह
सौंख। खाना खाते समय हुए किसी बात पर हुए विवाद के दौरान छोटे भाई की हंसिया से हमला कर हत्या करने के आरोपी को पुलिस ने 24 घंटे में गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हंसिया भी बरामद कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधिकारियों ने दो टीमें गठित की थी। अब आरोपी को जेल भेजा गया है।
थाना मगोर्रा के गांव अहमल में दो दिन पूर्व बड़े भाई मेघश्यान ने अपने सगे छोटे भाई निरंजन सिंह की हंसिया से हत्या कर दी थी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई थी। उधर, वारदात के बाद आरोपी मेघश्याम अपनी पत्नी दुर्गेश देवी के साथ भाग गया था। मामले में पुलिस ने आरोपी मेघश्याम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। साथ ही पुलिस की दो टीमें आरोपी की गिरफ्तारी में लगी थीं। पुलिस टीम ने बुधवार देर रात आरोपी मेघश्याम को बचगांव तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। साथ ही भाई की हत्या में प्रयुक्त हंसिया भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
दरअसल, मंगलवार देर रात खाना खाते समय घरेलू विवाद और शराब पीने के दौरान गाली गलौज से गुस्साए मेघश्याम सिंह ने अपने छोटे भाई निरंजन सिंह पर हंसिया से हमला कर दिया था। हमले में गंभीर रूप से घायल निरंजन की मौत हो गई। उधर, दोनों भाइयों में बीच बचाव करने के लिए आई मां भी चोल लगने से घायल हो गई। सीओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि सगे छोटे भाई की हंसिया से हत्या का आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।