नंदगांव। पद्मश्री रमेश बाबा की ओर से संचालित श्रीराधा रानी वार्षिक ब्रजयात्रा मंगलवार को गोपीनाथ मंदिर होते हुए श्रीकुंड, फिसलनी शिला, व्योमासुर गुफा, भोजन थाली दर्शन कर काम्य वन पहुंची। पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया। लाल दरवाजे पर नगर पालिका अध्यक्ष व समस्त सभासदों ने यात्रा का एवं ब्रज के विरक्त संत पद्म श्री रमेश बाबा का 31 किलो पुष्पों की माला से स्वागत किया। जगह-जगह नगरवासियों ने मान बिहारी लाल की आरती उतारी।
उपखंड अधिकारी कार्यालय पहुंच कर ज्ञापन देकर यात्रा संयोजक राधाकांत शास्त्री ने बताया कि एसडीएम के माध्यम से हम यह कहना चाहते कि राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलौत ने जो ब्रज के दिव्य दो पर्वतों की रक्षा का निर्णय लिया है उसकी अनुपालना में विलंब बहुत घातक है। यदि राजस्व मंत्री उपलब्ध नहीं है तो स्वयं मुख्यमंत्री ही इसे पूर्ण कर ब्रजवासियों को अनुग्रहीत करें। उच्चतम न्यायालय के आदेशों की अनुपालना भी कराएं।
इसके बाद यात्रा पड़ाव स्थल पर पहुंची, जहां अंतरराष्ट्रीय भागवत वक्ता साध्वी मुरलिका शर्मा की पुस्तक रसीली ब्रज यात्रा के गुजराती संस्करण का विमोचन रमेश बाबा व हरि चैतन्य पुरी एवं मान मंदिर के अध्यक्ष रामजी लाल शास्त्री ने किया। राधा रानी ब्रज चौरासी कोस यात्रा के कामां बाजार में स्वागत करने वालों में प्रमुख रूप से गोपाल शर्मा, राजू शर्मा, सियाराम गुर्जर, चंदन सिंह पहलवान, गोपी शंकर शर्मा, गोविंद, सुरेश चंद्र शर्मा, ओमवीर आदि मौजूद थे।