मुख्य सचिव के स्टाफ अफसर और ब्रज विकास बोर्ड के सीईओ आरडी पालीवाल ने बताया कि यमुना में प्रदूषण रोकने के लिए नदी के समानांतर नाला बनाया जाएगा और घाटों का गोमती नदी लखनऊ की तर्ज पर विकास कराया जाएगा।
सोमवार सुबह 11 बजे मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष सीपी सिंह व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ आरडी पालीवाल प्राचीन केशीघाट पहुंचे और यमुना में गिर रहे नालों के बारे में जल निगम के अधिकारियों से जानकारी ली।
लखनऊ की गोमती नदी के तर्ज पर यमुना किनारे बनाए जाने वाले घाटों और अन्य विकास कार्यों के बारे में अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि यह मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में है, इसमें किसी तरह की कोताही न बरती जाए। उन्होंने केशीघाट से कालीदह तक सिंचाई विभाग और जलनिगम के द्वारा होने वाले कार्यों की समीक्षा भी की।
इसके बाद वह कैमारवन स्थित स्वामी एसएस विज्ञानाचार्य महाराज के गोविंद मठ आश्रम पहुंचे और यहां यमुना रक्षक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संत जयकृष्ण दास से वार्ता की। उन्होंने आश्वस्त किया कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव यमुना शुद्धीकरण के प्रति गंभीर है और किसी भी सूरत में एक बूंद गंदा पानी यमुना में नहीं गिरने देना चाहते हैं।
उन्होंने बताया कि यमुना में प्रदूषण को रोकने के लिए ब्रज में यमुना के समानांतर नाला बनाए जाने और आधुनिक तकनीकों से युक्त एसटीपी का निर्माण भी होगा। इस अवसर पर उदयन शर्मा, रमेश सिसौदिया, आरपी सिंह, विवेक महाजन, श्रीदास प्रजापति, मुनेंद्र यादव, माधव चौहान, क्रांति पचौरी, अजय शर्मा आदि उपस्थित रहे।