मथुरा। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं को लेकर जिले में तैयारियां तेज़ हो गई हैं। परीक्षा को नकलविहीन, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन व शिक्षा विभाग द्वारा व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।
इस वर्ष जिले में कुल 119 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिन्हें 25 सेक्टरों में विभाजित किया जाएगा। प्रत्येक पर सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाएगी ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 18 फरवरी से प्रारंभ होंगी। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, वॉइस रिकॉर्डर, कंट्रोल रूम और उड़नदस्तों की व्यवस्था की जा रही है। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
डीआईओएस रविंद्र कुमार ने बताया कि प्रश्न पत्रों की सुरक्षा, गोपनीयता और उत्तर पुस्तिकाओं के संकलन को लेकर भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। परीक्षार्थियों को समय से केंद्र पर पहुंचने और बोर्ड के दिशा-निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।