इलाहाबाद की पूर्व सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेत्री डॉ. रीता बहुगुणा जोशी रविवार को वृंदावन पहुंचीं। यहां उन्होंने संत प्रेमानंद महाराज से आत्मीय मुलाकात की। इस भेंट का वीडियो डॉ. जोशी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया है। वीडियो में वह अपने एक सहयोगी के साथ संत के समक्ष खड़ी नजर आईं।
मुलाकात के दौरान डॉ. रीता बहुगुणा जोशी ने संत प्रेमानंद महाराज के आध्यात्मिक चिंतन की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके विचार और दर्शन समाज में व्यापक सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के कोने-कोने से लोग आपके दर्शन और उनके विचारों से प्रेरणा लेने वृंदावन आते हैं। साथ ही उन्होंने समाज और राष्ट्र के प्रति संतों की दीर्घकालीन सेवा को भी सराहा।
इस अवसर पर डॉ. जोशी ने जीवन से जुड़ा एक प्रश्न संत के समक्ष रखा। उन्होंने पूछा कि जब कोई व्यक्ति नेक उद्देश्य के साथ लगातार प्रयास कर रहा हो और बीच रास्ते में कठिनाइयां आ जाएं, तो ऐसे समय में सही दृष्टिकोण क्या होना चाहिए।
संत प्रेमानंद महाराज ने उत्तर में कहा कि व्यक्ति को अपनी सकारात्मक सोच और आस्था को कमजोर नहीं पड़ने देना चाहिए। उन्होंने बताया कि सकारात्मक भावना स्वयं में ऊर्जा और सामर्थ्य का स्रोत होती है, जबकि बाधाएं नकारात्मक विचारों से जन्म लेती हैं। यदि मन मजबूत हो और विश्वास अडिग रहे तो कठिनाइयां स्वतः ही मार्ग से हटने लगती हैं। उन्होंने कहा कि हताशा से बचकर निरंतर कर्म करते रहना ही जीवन का सार है।