जन्मस्थान की सुरक्षा में मिली ढिलाई
- फोटो : Amar Ujala
डीआईजी को अति संवेदनशील श्रीकृष्ण जन्मस्थान और ईदगाह की सुरक्षा के लिए लगाए गए कई उपकरण सही प्रकार से काम नहीं करते मिले। उन्होंने जवानों को भी अधिक सतर्कता के लिए कहा।
डीआईजी महेश मिश्रा सोमवार को श्रीकृष्ण जन्मस्थान की सुरक्षा व्यवस्था परखने के लिए पहुंचे थे। उनको प्वाइंटों पर तैनात जवानों की सतर्कता में कमी नजर आई। उन्होंने सभी जवानों को इस संबंध में ताकीद दी और अधिक सतर्क एवं सजग रहने के लिए कहा। कई प्वाइंटों पर एचएचएमडी (हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर) और डीएफएमडी (डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर) खराब पाए गए। डीआईजी ने एसएसपी मोहित गुप्ता को तत्काल इन्हें दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
करीब एक घंटा तक जन्मस्थान में निरीक्षण के बाद डीआईजी पुलिस लाइन स्थित सभागार में पहुंचे। यहां पर उन्होंने पुलिसकर्मियों को असामाजिक तत्वों से दूरी बनाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। डीआईजी ने ‘अमर उजाला’ से बातचीत में कहा कि अपराध एवं अपराधियों पर पूरी तरह से लगाम लगाई जाएगी। पुलिस जनता से सीधे संवाद करेगी। शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए पूरी तरह से कमर कस ली गई है।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी मोहित गुप्ता, एसपी (सिटी) अशोक कुमार सिंह, एसपी (देहात) अरुण कुमार सिंह, एसपी (क्राइम) राजेश सोनकर, सीओ रिफाइनरी आइपीएस अनुपम सिंह, सीओ सिटी जगदीश सिंह आदि मौजूद रहे।