वृंदावन। श्रीबांकेबिहारी मंदिर की व्यवस्थाओं को और अधिक पारदर्शी, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में हाईपावर्ड कमेटी ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। सोमवार को कमेटी के अध्यक्ष अशोक कुमार की अध्यक्षता में बैंक एवं अन्य अधिकारियों के साथ हुई बैठक में मंदिर की वित्तीय व्यवस्था, सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि मंदिर में कार्यरत कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों की उपस्थिति अब बायोमीट्रिक प्रणाली के माध्यम से दर्ज की जाएगी। इससे कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित होगी और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आएगी। पिछली हाईपावर्ड कमेटी की बैठक में सेवायत सदस्य द्वारा कर्मचारियों की बायोमीट्रिक हाजिरी लागू करने की मांग उठाई गई थी, जिस पर अब अमल की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
वहीं मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के लिए मुख्य प्रवेश द्वार पर दो नए मेटल डिटेक्टर स्थापित किए जाएंगे। इससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा जांच अधिक प्रभावी ढंग से हो सकेगी। हालांकि प्रयोग के तौर एक मेटल डिटेक्टर लगाया गया था। जिसे बाद में हटा दिया गया।
बैठक में बैंक अधिकारियों के साथ मंदिर से जुड़े विभिन्न वित्तीय मामलों पर भी विचार-विमर्श किया गया। मंदिर की आय, बैंकिंग प्रक्रियाओं तथा वित्तीय प्रबंधन को अधिक सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनाने पर चर्चा हुई। इसके बाद विद्युत निगम के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में अध्यक्ष अशोक कुमार ने मंदिर और उसके आसपास की विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए मंदिर क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही निधिवन मंदिर के आसपास पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण प्रकाश व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए ताकि रात्रि के समय श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। अध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि श्रीबांकेबिहारी मंदिर में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा, प्रशासनिक व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं को लगातार बेहतर बनाया जा रहा है।