मथुरा। गोवर्धन रोड पर बाइक सवार बदमाश राह चलते शिक्षिका का मंगलसूत्र तोड़कर ले गए। महिला के शोर मचाने पर लोगों को भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस घटनास्थल के सीसीटीवी कैमरे खंगालने में जुटी है।
हाईवे के निकट चंदनवन की रहने वाली शिक्षिका निशा ज्ञानदीप स्कूल में पढ़ाती हैं। उन्होंने बताया है कि शुक्रवार सुबह वह स्कूल जा रहीं थीं। इसी दौरान गोवर्धन रोड पर राजन सर्विस सेंटर के सामने बाइक बदमाश ने उनके गले से आठ से नौ ग्राम वजन का मंगलसूत्र झपट्टा मारकर ले गए। शिक्षिका ने शोर मचाया तब तक वह भाग निकले।
सीओ श्वेता वर्मा ने बताया है कि घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। शिनाख्त होने के बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। इधर, पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।