मथुरा। दो साल से चल रही बिजली थाना बनाने की कवायद अब पूरी होने जा रही है। बिजली थाना बनाने को लेकर कृष्णानगर स्थित बिजलीघर पर जमीन फाइनल कर दी गई है। उसमें निर्माण व सुधार कार्य शुरू करा दिया गया है।
दो साल में जिले में बिजली चोरी के आठ हजार से अधिक केस विभिन्न थानों में दर्ज किए गए हैं। उनकी सुनवाई कोर्ट में चल रही है। अलग अलग थानों से बिजली केस में कार्रवाई व सुनवाई को लेकर कई तरह की दिक्कतें आ रही हैं। इसे लेकर अब कृष्णानगर में पांच कमरों का बिजली थाना बनाया जा रहा है।
इसमें एक इंस्पेक्टर, पांच एसआई, नौ एचसीपी तथा नौ सिपाहियों का नियतन भी तय कर दिया गया है। बिल्डिंग पूरी हो जाने के बाद पुलिस कर्मियों की नियुक्ति की जाएगी। साथ ही एक जीप, दो बाइक तथा अन्य उपकरण भी उपलब्ध कराए जाएंगे। थाना अक्तूबर माह के अंत तक चालू होने की संभावना है। इसके बाद पूरे जिले में होने वाली बिजली चोरी को लेकर दबिश व रिपोर्ट इसी थाने में दर्ज की जाएंगी। मथुरा बिजली के विजिलेंस प्रभारी ज्ञान सिंह ने बताया कि प्रवर्तन दल अलग से काम करेगा। थाने के लिए अलग से फोर्स मिलेगा।
671 घरों की काटी बिजली
मथुरा। 10 हजार से अधिक के बिजली बिल बकाया होने को लेकर बिजली अफसरों ने 671 घरों की बिजली काट दी। एसई देहात विनोद कुमार गंगवार व एक्सईएन प्रथम शहर मनीष गुप्ता ने बताया कि बुधवार व शनिवार को चलाए गए विशेष अभियान मेें 671 लोगों की बिजली काट दी गई। कहा कि आगामी महीने से पांच हजार से अधिक बिजली बिल बकाया होने पर बिजली काट दी जाएगी।