मथुरा। भाकियू अराजनैतिक ने बलदेव बिजलीघर पर की तालाबंदी।
- फोटो : mathura
बलदेव (मथुरा)। भाकियू अराजनैतिक के तत्वावधान में शनिवार को कार्यकर्ताओं ने बलदेव, मढ़ौरा, बरौली के बिजलीघरों पर तालाबंदी कर धरना-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं में कस्बा व देहात क्षेत्र में लगातार हो रही विद्युत कटौती को लेकर गुस्सा था।
मंडल अध्यक्ष राजकुमार तोमर के नेतृत्व में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। भाकियू अराजनैतिक के मंडल अध्यक्ष राजकुमार तोमर ने बताया कि मढ़ौरा बिजलीघर पर पिछले छह महीने से लगातार क्षमता वृद्धि के लिए शिकायत की जा रही है, लेकिन अधिकारियों ने कोई सुनवाई नहीं की है। पूरी रात मनमानी तरीके से विद्युत कटौती की जा रही है। आंधी चलते ही सप्लाई को बंद कर दिया जाता है। इसी को लेकर बलदेव क्षेत्र के फीडरों पर तालाबंदी की है।
एसडीओ नीरज शर्मा ने समस्याओं का सोमवार तक निस्तारण करने का आश्वासन दिया। लाल सिंह तोमर, उदयवीर सरपंच, मुकेश सिंह रावत, योगेश सिंह तोमर, मनोज कुमार, चंद्रभान प्रधान, शिवा शर्मा, मनीराम, छोटू चौधरी, सोबरन सिंह, तिलक पंडित, गंगा प्रसाद आदि लोग मौजूद थे।