सौंख (मथुरा)। मगोर्रा थाना क्षेत्र के रहने वाले अनुसूचित जाति के व्यक्ति से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पीड़ित ने मारपीट के बाद कोरे कागज पर जबरन हस्ताक्षर कराने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव लोरिहा पट्टी निवासी शिवचरन ने बताया कि वह 26 मई को घर का सामान लेने के लिए सौंख गए थे। आरोप है इसी दौरान लौटते समय घर के निकट शाम 7:30 बजे गांव के ही रहने वाले तीन लोगों ने उनके साथ मारपीट कर दी। बीचबचाव करने आई उनकी पत्नी के साथ भी तीनों ने बदसलूकी कर दी। शोर मचाने के बाद लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद तीनों वहां से जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।
पीड़ित ने मामले में पुलिस से शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। पीड़ित ने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने शनिवार को ओमी, धर्मवीर और महान सिंह के खिलाफ एससीएसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीओ अनिल कुमार सिंह का कहना है कि मामले में जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।