वृंदावन। बांग्लादेशी क्रिकेटर को देश के आईपीएल क्रिकेट श्रृंखला में शामिल करने का विरोध कर रहे कथावाचक देवकीनंदन महाराज की मांग को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने स्वीकार कर लिया। बोर्ड द्वारा टीम से बांग्लादेशी खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को बाहर करने के निर्देश पर उन्होंने प्रसन्नता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि बीसीसीआई ने करोड़ों सनातनियों की भावना का सम्मान किया है, लेकिन केकेआर टीम के मालिक शाहरुख खान ने सनातनी हिंदुओं की मांग को दरकिनार किया।
बीते सप्ताह मुंबई में कथा के दौरान देवकीनंदन महाराज ने भारत मेें होने वाले आईपीएल क्रिकेट मैचों में बांग्लादेशी खिलाड़ी को शामिल करने पर विरोध जाहिर करते हुए मुहिम शुरू की थी। पूरे देश से हिंदुवादी संगठन और सनातनियों ने इस मुहिम का समर्थन करते हुए बांग्लादेशी खिलाड़ी और मैच के बहिष्कार का एलान किया था। शनिवार को बंगलुरु में कथा से पूर्व आए बीसीसीआई के निर्णय पर देवकीनंदन महाराज ने कहा कि सरकार ने सनातनियों की भावना समझते हुए सही निर्णय लिया है। बांग्लादेश सरकार हिंदू अल्पसंख्यकों की सुरक्षा करने में असफल हो रही है, ऐसे में सख्त संदेश दिया जाना चाहिए।