बांके बिहारी मंदिर में सजा फूल बंगला
वृंदावन। ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में इन दिनों फूल बंगला उत्सव की भव्य छटा देखने को मिल रही है। मोगरा, गुलाब, गेंदा, चमेली और हरी पत्तियों से सजे इस फूल बंगले ने मंदिर परिसर को अद्भुत सौंदर्य और सुगंध से भर दिया है। भीषण गर्मी और उमस के बावजूद श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिर में उमड़ रही है।
फूल बंगले में विराजमान ठाकुरजी के दिव्य दर्शन कर भक्तजन भाव विभोर हो रहे हैं। यह आयोजन ग्रीष्मकाल में भगवान को शीतलता प्रदान करने के लिए हर वर्ष किया जाता है। मंदिर के सेवायत अशोक गोस्वामी ने बताया कि इस बार फूल बंगले को विशेष रूप से राजस्थानी शैली में सजाया गया है, जिसमें फूलों से सुंदर कलाकृतियां उकेरी गई हैं। सोमवार को सुबह से ही श्रद्धालुओं की मंदिर के बाहर लंबी कतार लग गई। मंदिर प्रशासन ने भी भीड़ प्रबंधन और स्वास्थ्य सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की है।
गर्मी के कारण युवती बेहोश
भीषण गर्मी और उमस के कारण दर्शन के दौरान जालौन निवासी आरुषि नामक एक युवती बेहोश हो गई। मौके पर मौजूद प्राथमिक चिकित्सा दल ने तत्परता दिखाते हुए उपचार किया जिससे उसकी स्थिति सामान्य हो गई।