वृंदावन (मथुरा)। कोरोना संक्रमण के चलते श्रीराधाकृष्ण की लीला स्थली वृंदावन में अधिकांश मंदिरों के पट बंद हैं। अनलॉक-2 के बाद भी भीड़ के दबाव में संक्रमण बढ़ने की संभावनाओं को देखते हुए श्रीबांकेबिहारी सहित अधिकांश मंदिरों को आम लोगों के लिए न खोलने का फैसला लिया गया है। ऐसे में भक्त अवश्य सेवायतों से मंदिर खुलने की जानकारी ले रहे हैं। पूछ रहे हैं कि श्रीबांकेबिहारी के पट कब खुलेंगे।
श्रीबांकेबिहारी मंदिर के सेवायत रघु गोस्वामी बताते हैं कि प्रतिदिन अनेक भक्तों के फोन सिर्फ यह जानने के लिए आते हैं कि मंदिर के पट खुले या नहीं। कब तक खुलने की संभावना है। लोगों को संक्रमण बढ़ने की स्थिति से अवगत करा दिया जाता है। सभी को अपने घर और घर में ही सुरक्षित रहने के लिए कहा जा रहा है।
मोतीझील स्थित राधा उपासना कुंज के संत संतदास जी महाराज बताते हैं कि भक्त पूछते हैं कि ठाकुर जी के दर्शन कब होंगे। उन्हें सुरक्षित घर में रहने के लिए कहा जाता है। सेवायतों के साथ मथुरा होटल व्यवसाय से जुड़े लोगों के फोन पर भी ऐसी ही सूचनाएं ली जा रही हैं। अमित जैन बताते हैं कि लोग पूछते हैं मथुरा-वृंदावन में मंदिरों के दर्शन खुल गए क्या।