मथुरा। पुलिस ने ग्रामीण बैंक ऑफ आर्यावर्त की सौंख रोड स्थित शाखा के चपरासी को गिरफ्तार किया है। इसी चपरासी ने बैंक की दामोदरपुरा स्थित शाखा में लूट के लिए बदमाशों की मुखबिरी की थी। चपरासी के पास से लूट की रकम भी बरामद की गई है। पुलिस अभी तक बैंक लूट के मास्टर माइंड सम्राट गुर्जर को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
ग्रामीण बैंक ऑफ आर्यावर्त की सौंख रोड स्थित शाखा के चपरासी असगरपुर सतोहा निवासी शांतनु राजावत ने दामोदरपुरा स्थित बैंक की शाखा के संबंध में सभी सूचनाएं बदमाशों को दी थीं। शांतनु ने सम्राट गुर्जर गैंग के बदमाशों को सौंख रोड स्थित बैंक की शाखा को लूटने की सलाह दी थी, लेकिन बाद में योजना बदल गई और दामोदरपुरा स्थित शाखा में लूट की गई।
पुलिस ने रविवार को यमुना पुल के पास उसे गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष सदर बाजार सत्यपाल देशवाल ने बताया कि बैंक के चपरासी शांतनु ने दामोदरपुरा स्थित ग्रामीण बैंक ऑफ आर्यावर्त शाखा की सारी सूचना बदमाशों को उपलब्ध कराईं थीं। उसके पास से 5500 रुपये की बैट करेंसी भी प्राप्त की गई है। यह नकदी बदमाशों ने बैंक के स्ट्रांग रूप से लूटी थी। पकड़े गए चपरासी को जेल भेजा गया है।