मथुरा। चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) के स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक के खाते से डेढ़ लाख रुपये निकाल लिए गए। सीए के मोबाइल पर एक मई को आए मैसेज के बाद वह दंग रह गए। इसकी जानकारी स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक को दी। सीए ने साइबर सेल को इसकी जानकारी देने के साथ ही कोतवाली में तहरीर दी है।
शहर के छत्ता बाजार के गोलपाड़ा निवासी प्रदीप चतुर्वेदी पुत्र मधुसूदन लाल चतुर्वेदी पेशे से सीए हैं। मुंबई के मीरा रोड पर रहने वाले सीए बेटे के जनेऊ संस्कार की तैयारियों के चलते 15 मार्च को मथुरा आए। 29 मार्च को सीए को वापस मुंबई जाना था, पर लॉकडाउन के चलते वह मथुरा में ही फंस गए। अपने पुश्तैनी मकान गोलपाड़ा मेें रह रहे सीए के मोबाइल पर एक मई को देररात 2:06 बजे मैसेज आया कि उनके खाते से डेढ़ लाख रुपये निकल गए। मैसेज देखकर वह दंग रह गए।
स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक के क्रेडिट कार्ड खाते से डेढ़ लाख रुपये निकल जाने की जानकारी सीए ने सबसे पहले बैंक को दी। पूरी जानकारी करने के बाद मथुरा साइबर सेल को अपने साथ हुई ठगी के बारे में बताया। हालांकि साइबर सेल ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। पीड़ित सीए ने कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।