बरसाना (मथुरा)। बरसाना धाम फाउंडेशन के तत्वावधान में संचालित शौचालय के कर्मचारी दस वर्षीय बच्चे को शौचालय में ही बंद कर गए। दो घंटे तक बंद रहे बच्चे को साथी बच्चों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शौचालय का ताला तोड़ कर निकाला।
बरसाना स्थित सांकरी खोर में स्थित बरसाना धाम फाउंडेशन ने शुलभ शौचालय बनाया है। इसकी देखभाल को एक कर्मचारी की नियुक्ति फाउंडेशन ने कर रखी है। शौचालय सार्वजनिक यूज के लिए प्रयोग होता था। दोपहर को कस्बे के तेहिया मोहल्ला निवासी रमेश का दस वर्षीय पुत्र गोपाल उसमें में शौच के लिए गया था।
वहां तैनात कर्मचारी बच्चे की अनदेखी कर दोपहर दो बजे शौचालय में ताला लगा कर घर चला गया। बाद में शौचालय में बंद बच्चे ने शोर मचा कर ताला खोलने को कहा तो उसके साथी शोर सुनकर वहां पहुंच गये।
दो घंटे तक कर्मचारी की राह देखकर बच्चों ने थाने पहुंच कर पुलिस से मामले की शिकायत की। सूचना पर कस्बा इंचार्ज प्रबल प्रताप सिंह ने घटना स्थल पर पहुंचकर शौचालय के कर्मचारी व फाउंडेशन के केयरटेकर को फोन किया। इसके बाद भी वह नहीं आया। इस पर कस्बा इंचार्ज ने शौचालय का ताला तोड़कर बच्चे को निकालकर परिजनों के हवाले कर दिया।