गोवर्धन। अपनी 22 वर्षीय बेटी को बाबा के चंगुल से छुड़ाने छत्तीसगढ़ से आए बेबस परिजन को जब बाबा ने डराने-धमकाने की कोशिश की तो विवाद बढ़ गया। पीड़ित मां ने रोते हुए बाबा से मिन्नतें की तो ढोंगी ने मर्यादा की सारी हदें पार कर दीं। युवती की मां को ही लव मैरिज (गंधर्व विवाह) प्रस्ताव दे दिया।
पुलिस के अनुसार, करीब छह माह पहले छत्तीसगढ़ के परिजन राधाकुंड अपनी बेटी को लेकर पहुंचे थे। बेबस मां ने रोते हुए बाबा से कहा था कि आप मेरी बेटी का भविष्य क्यों खराब कर रहे हो, तो बाबा ने बेहद शातिर तरीके से अपने कृत्य को धर्म की चादर ओढ़ा दी। बाबा ने तपाक से कहा, मैं कोई भविष्य खराब नहीं कर रहा, बल्कि ईश्वर की भक्ति देकर उनका भविष्य संवार रहा हूं। इसके बाद उसने मर्यादा लांघते हुए मां से कहा कि अगर वह भी उसके साथ गंधर्व विवाह कर ले तो उसका भी उद्धार हो जाएगा। बाबा की यह बात सुनकर वहां मौजूद हर शख्स सन्न रह गया। हालांकि जैसे-तैसे वह अपनी बेटी को लेकर छत्तीसगढ़ के रवाना हो गए। इसके बाद बाबा और उसके शिष्यों ने परिजन पर युवती के अपहरण का आरोप लगाया और स्थानीय पुलिस चौकी पर हंगामा किया, लेकिन पुलिस ने शिष्यों को समझाकर शांत कर कार्रवाई का आश्वासन देकर भगा दिया था।