वृंदावन। वृंदावन थाना क्षेत्र में रुक्मिणी विहार के पास तेज गति से आ रहा एक ऑटो डिवाइडर से टकरा गया। हादसे में चालक की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गोविंदपुर निवासी टिंकू (35) वृंदावन में ऑटो चलाता है। मंगलवार को मल्टीलेवल पार्किंग के पास रुक्मणि विहार के गेट के सामने ऑटो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत टिंकू को अस्पताल ले जाने का प्रयास किया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर एसआई अवधेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दी है।संवाद