मथुरा। जमुनापार थाना क्षेत्र में रेस्टोरेंट पर खाना खाने के बाद पैसों को लेकर हुए विवाद के मामले में पुलिस ने दो नामजद समेत चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से आरोपियों की शिनाख्त में जुटी है। साथ ही दो को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ भी कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, शिवपुरी कॉलोनी के रहने वाले अधिवक्ता निर्मेश चौहान का राया रोड के डेहरुआ फाटक के निकट दिल्ली चिकन कॉर्नर के नाम से रेस्टोरेंट है। इसे उनके भाई राजकुमार और अमित चलाते हैं। उन्होंने बताया कि गांव डेहरुआ के रहने वाले विकास और गांव लोहवन निवासी रवि रविवार शाम अपने साथियों के साथ होटल पर खाना खाने आए थे। रुपये मांगने पर भाई के साथ मारपीट करने लगे। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देकर चले गए। इसके बाद दोनों सात से आठ अज्ञात युवकों को लाकर रेस्टोरेंट पर आए और विवाद करने लगे।
आरोप है कि हमलावरों ने लाठी व सरिया से हमला कर दिया और तोड़फोड़ की। इससे दोनों भाई गंभीर घायल हो गए। पीड़ित के प्रार्थना-पत्र पर पुलिस ने रवि और विकास समेत अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ सदर संदीप सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज करके आरोपियों की तलाश में टीमें लगी हुई हैं। कुछ संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार किया जाएगा।