फरह (मथुरा)। कल्पतरु बिल्डटैक के मालिक जयकृष्ण सिंह राणा समेत चार के खिलाफ थाना फरह में मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोप फ्लैट की एवज में दी गई 65 लाख रुपये की धनराशि को हड़प लेने का है। मुकदमे में 13 पीड़ितों का भी ब्योरा दिया गया है। फरह पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद ही जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और एमपी के लोगों को फ्लैट की एवज में 500 करोड़ रुपये हड़पकर फरार हुए कल्पतरु बिल्डटैक के मालिक जयकृष्ण सिंह राणा पुत्र दौलत सिंह निवासी चंदनवन पर एक बार फिर मुकदमा दर्ज कराया गया है। जयकृष्ण राणा के साथ सुनील कुमार निवासी राधाटाऊन, प्रदीप कुमार यादव निवासी चंदनवन और विपिन यादव भी नामजद हैं।
रिफाइनरी के नरसीपुरम निवासी महेंद्र कुमार पुत्र रामसेवक ने दर्ज मुकदमे में कहा है कि 14 अगस्त 2012 को मां शीला देवी के नाम से दो बीएचके का फ्लैट चुरमुरा में बुक कराया था। करीब 96 हजार रुपये जमा करा दिए गए। उसके बाद फ्लैट नहीं मिला। पैसे मांगे तो वह भी नहीं मिल सके। इस प्रकार चाचा शंभू भगत के 2.51 लाख, राकेश कुमारी 6.21 लाख, अरुण कुमार नौ लाख, धीरज कुमार नौ लाख, पिंकी 1.88 लाख, रागिनी 2.51 लाख, रमलेश एक लाख, बीना 55 हजार, वीरमति देवी 5.66 लाख, प्रमोद कुमार सिंह नौ लाख, सुमेर चंद जैन 2.15 लाख, ऋषि कुमार जैन 16.71 लाख ने फ्लैट बुक कराने में यह राशि जमा कराई। प्रभारी निरीक्षक शेर सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच करके आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।