श्रीराम मंदिर निर्माण समिति के उपाध्यक्ष और अखिल भारतीय वैष्णव सम्मेलन के प्रधानमंत्री जगद्गुरु रामानुजाचार्य वासुदेवाचार्य विद्याभाष्कर महाराज ने पाक अधिकृत कश्मीर में भारतीय सेना के आपरेशन की सराहना की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को पाकिस्तान के खिलाफ आक्रामक रवैया अपनाना होगा।
बुधवार की शाम ज्ञान गुद्ड़ी स्थित ब्रह्मचर्य आश्रम में पत्रकार वार्ता के दौरान विद्याभाष्कर महाराज ने कहा कि जम्मू कश्मीर के उड़ी में हुए आतंकी हमले का यह सही समय पर सही जवाब है। इन परिस्थितियों में देशवासियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का साथ देना चाहिए। जो आज भी पाकिस्तान से वार्ता करने के पक्षधर हैं वो अवसरवादी, बुजदिल और तुष्टिकरण की राजनीति करने वाले हैं।
वार्ता का समय समाप्त हो गया, अब कार्रवाई का समय है। इसके अलावा विद्याभाष्कर महाराज ने गोवंश संरक्षण के लिए कानून की जरूरत से अधिक जागरूकता की आवश्यकता बताई। गंगा-यमुना में प्रदूषण के लिए सरकारों द्वारा समय से कार्रवाई न करने को दोषी बताया। राम मंदिर निर्माण पर उन्होंने कहा कि संतों और धर्माचार्यों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पूरा विश्वास है। उनके कार्यकाल में राममंदिर का भी निर्माण होगा।