मोहन पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम में 14वीं जिला ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप के दूसरे दिन सीबीएसई बोर्ड की 100 मीटर दौड़ में सरस्वती विद्या मंदिर कोसीकलां के रवि चौधरी ने स्वर्ण पदक जीता। एसआरवीएस बाजना के त्रिलोक चौधरी ने रजत और आरएसपीएस के प्रद्युम्न ने कांस्य पदक पाया। जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता का आज अंतिम दिन है।
स्टेडियम में रविवार को अलीगढ़ के सीडीओ धीरेंद्र कुमार सचान ने प्रथम दिन के पदक विजेताओं को पुरस्कृत किया। इस दौरान सीडीओ का स्वागत कोषाध्यक्ष कन्हैया गुर्जर और टेक्निकल चेयरमैन प्रेम शंकर ने स्मृति चिन्ह प्रदान कर किया। प्रतियोगिता के ऊंची कूद अंडर-16 वर्ग में एसपीएस के अपरमित ने स्वर्ण, अभिषेक ने रजत और डीपीएस के धर्मेंद्र ने कांस्य जीता।
शाटपुट में शुभम ने स्वर्ण, अभिषेक ने रजत और तेजवीर ने कांस्य जीता। अंडर-12 बालथ्रो में हर्ष ने स्वर्ण, आकाश ठाकुर ने रजत और कुलदीप सैनी ने कांस्य पाया। 60 मीटर दौड़ में अभिनव, अंकुर शर्मा, हरीश अत्रे, 30 मीटर में दीपक सिकरवार, तरुन, नितेश शर्मा ने क्रमश: स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीता। सीबीएसई बालक अंडर-14 शाटपुट में मानवेंद्र, राम गोपाल सिंह, शांतनु और 100 मीटर दौड़ में मनोज चौधरी, योगेश कुमार, तनुज अग्रवाल और ऊंची कूद में सुरेंद्र, जितेंद्र ने पदक जीते।
बालिकाआें की अंडर-14 600 मीटर दौड़ में रूबी सारस्वत, बबली, टीना और यूपी बोर्ड अंडर-14 बालक वर्ग की 600 मीटर में चौधरी करनवीर ने स्वर्ण पाया। अंडर-16 यूपी बोर्ड की 100 मीटर दौड़ में सपना, सरिता, ज्योति, अंडर-12 यूपी बोर्ड की 60 मीटर में अंजलि, रीतू और ज्योति ने क्रमश: स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक पाए। वहीं 30 मीटर दौड़ में कांस्य जीतने वाले ज्ञानदीप के हर्ष को नियमों का उल्लंघन करने पर पदक से हाथ धोना पड़ा।