सेवायतों के बीच हो रही धक्कामुक्की।
वृंदावन। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के साथ दर्शन करने पहुंचे धर्माचार्याें के साथ पुलिस ने अभद्रता कर दी। पुलिस कर्मियों ने जहां मंदिर के सेवायत गोस्वामी को कॉलर पकड़कर खींचा और धक्का दिया तो वहीं कई धर्माचार्यों और उनके साथियों के साथ भी अभद्रता की। इसमें आचार्य मृदुलकांत शास़्त्री का कुर्ता फट गया तो किसी की पगड़ी गिर गई। इसे लेकर धमाचार्यों ने पुलिस के प्रति रोष व्यक्त किया। मंदिर में धीरेंद्र कृष्ण शास़्त्री की मौजूदगी में जमकर मारपीट और खींचतान हुई। इससे मंदिर में हड़कंप मच गया। घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के साथ बांकेबिहारी मंदिर पहुंचे आचार्य मृदुलकांत शास्त्री और पार्वती बल्लभ महाराज जैसे ही मंदिर में प्रवेश करने लगे तो पुलिसकर्मियों ने उनके साथ अभद्रता की और उन्हें मंदिर में अंदर घुसने से रोका। इस पर आचार्य और उनके साथी धर्मााचार्यों से खीचतान धक्का मुक्की की। इसमें आचार्य मृदुलकांत शास्त्री का कुर्ता फट गया। जबकि पार्वती बल्लभ की पगड़ी गिर गई। वहीं धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के लिए ठाकुरजी की प्रसादी माला लेकर जा रहे मंदिर के सेवायत गोस्वामी को धक्का मारकर वीआईपी कठघरा से दूर कर दिया। पुलिसकर्मियों ने सीओ सदर संदीप सिंह के सामने गोस्वामी की कॉलर पकड़कर उन्हें वीआईपी कठघरा से बाहर निकाल दिया।
आचार्य मृदुलकांत शास्त्री ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि पुलिस एक तरफ सहयोग लेने की बात करती है। दूसरी तरफ अभद्रता और कपड़े फाड़ देती है। इस तरह सहयोग कैसे संभव है। यह अभद्रता बर्दाश्त के योग्य नहीं है।
पुलिस का कहना है कि मंदिर में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के सेवादारों से मंदिर में घुसने को लेकर तकरार हुई थी। इस दौरान खींचतान हो गई। सेवादार कह रहे थे कि वह भी 150 किलोमीटर लंबी यात्रा कर ठाकुरजी के दर्शन करने के लिए आए हैं।