मथुरा। एआरटीओ कार्यालय में वाहन की फिटनेस कराने को लेकर एक व्यक्ति की आरआई से गरमागरमी की वीडियो वायरल होने से आरआई नीतू शर्मा एक दफा फिर चर्चा में आ गई हैं। उक्त व्यक्ति ने इस संबंध में कमिश्नर ट्रांसपोर्ट से शिकायत की है, जबकि आरआई का कहना है कि उक्त व्यक्ति दूसरे के काम कराता है तथा कार्यालय में उनसे बदतमीजी की तथा उन्हें देख लेने की धमकी तक दी है। इसकी भी वीडियो है। घटना मंगलवार दोपहर की है।
एआरटीओ कार्यालय में नियुक्त आरआई नीतू शर्मा की वहां मौजूद दलालों के साथ अक्सर झड़प होती रहती है। बुधवार को भी एक ऐसी ही झड़प का वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक व्यक्ति वाहन की फिटनेस के लिए आरआई से तेज आवाज में बात कर रहा है, बदले में आरआई भी उसको जवाब दे रही हैं। उक्त व्यक्ति ने इसकी एक वीडियो ट्रांसपोर्ट कमिश्नर को भेजी है तथा शिकायत की है।
जब इस संबंध में आरआई से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उक्त व्यक्ति दलाल है तथा कार्यालय में दबाव बनाकर फिटनेस लेना चाहता है, जबकि इसे मना किया गया तो दफ्तर में देख लेने की धमकी दी। जिसकी एक वीडियो भी है। उन्होंने बताया कि जल्द ही वह सभी दलालों को चिह्नित कर कार्रवाई करेंगी।