घटनास्थल पर बदमाश की बाइक व तमंचा
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा की थाना शेरगढ़ पुलिस ने कोसीकलां तिराहे से 25 हजार रुपये के इनामी को पकड़ा है। आठ महीने पूर्व फरह में हत्या और ढाई महीने से शराब तस्करी के मामले में फरार चल रहा था। उधर, गोवर्धन पुलिस ने मलसराय के पास से मुठभेड़ में 25 हजार के इनामी समेत पांच शातिर को दबोचा है। इनामी के बायें पैर में गोली लगी है।
एसपी सिटी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने सोमवार रात को जितेंद्र उर्फ जीते निवासी राजीव नगर, सेक्टर-37 फरीदाबाद को पकड़ा है। 25 हजार रुपये का इनामी आठ महीने पूर्व फरह में हत्या और ढाई महीने से शराब तस्करी में थाना शेरगढ़ से फरार था।
गोवर्धन पुलिस की मलसराय के पास मुठभेड़ में 25 हजार के इनामी आजाद निवासी देवसेरस की बायें पैर में गोली लगी। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके चार साथी पकड़े गए हैं। एसपी सिटी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक लोकेश भाटी ने इरफान निवासी देवसेरस, असजाद निवासी दौलतपुर, शौकत निवासी दौलतपुर, अरशद निवासी देवसेरस को पकड़ा है। इनामी पर 17 मुकदमें दर्ज हैं।