मथुरा। अधिवक्ता प्रीमियर क्रिकेट लीग, मथुरा के आठवें संस्करण की विधिवत घोषणा व ट्राफी का अनावरण समारोह एक होटल में अपर जिला जज अजयपाल सिंह, बार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष प्रदीप शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने दीप जलाकर किया।
इस मौके पर विजेता, उपविजेता, मैन ऑफ़ दी सीरीज, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, गेंदबाज व सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक के लिए ट्राफी का अनावरण किया गया। इसके बाद अतिथियों ने अधिवक्ता प्रीमियर क्रिकेट लीग के 8 कप्तानों को उनकी टीम की रंगीन ड्रेस दी गई। अपर जिला जज अजयपाल सिंह ने कहा कि यहां जिस तरह अधिवक्ताओं को खेल के प्रति जागरूक देखा है, ऐसा उन्हें कहीं भी देखने को नहीं मिला हैं।
संरक्षक नंदकिशोर उपमंन्यु ने क्रिकेट की पुरानी यादों पर प्रकाश डाला। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप शर्मा व सचिव शिवकुमार लवानिया ने कहा कि मथुरा प्रदेश में पहला जिला है जहां अधिवक्ताओं का लीग मैच होता है। अधिवक्ता रवि उपाध्याय ने विचार रखे। संचालन कृष्णवीर चौधरी ने किया। पुरुषोत्तम सिंह, अजय ठाकुर, माधव गौतम, नितिन कटारा व गौरव कवि ने स्वागत किया। सचिव राकेश यादव ने बताया कि टूर्नामेंट का उद्घाटन जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक करेंगे। पहला मैच सुबह 8:30 बजे राइजिंग स्टार और टाइगर एलेवन के बीच खेला जाएगा। दूसरा मैच दोपहर 12 बजे गोल्डन स्टार और किंग एलेवन के मध्य खेला जाएगा।