कान्हा माखन पब्लिक स्कूल मथुरा के वार्षिकोत्सव में मंगलवार को हर प्रस्तुति कुछ कह रही थी। किसी में अच्छे स्वास्थ्य की बात छिपी थी तो किसी ने बेटी का दर्द सुनाया, एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता प्रदीप माथुर और स्कूल गेम्स फेडरेशन आफ इंडिया के जनरल सेक्रेटरी डा. राजेश मिश्रा ने किया। मुख्य अतिथि आगरा विवि के पूर्व रजिस्ट्रार डॉ. रामअवतार शर्मा ने कहा कि विद्यालयों में शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों का समावेश करना आज की आवश्यकता है, जिसके माध्यम से जहां बालकों में संस्कार जागृत हों वहीं समय परिवर्तन के साथ हो रहे जीवन मूल्यों की कमी को बच्चे समझ सकें, पहचान सकें।
बच्चों ने गणेश वंदना प्रस्तुत की। स्वागत गान के साथ प्रभावी प्रस्तुति की शृंखला शुरू हुई। टिनी बजरंगी, हेल्थ इज वेल्थ, ए खुदा, उमंग, विलायती बाबू, बेटी की पुकार, भक्ति उपदेश, ममता, पंजाबी धमाका, नवरस...। एक के बाद एक, एक से बढ़कर एक नृत्यमय प्रस्तुति ने सभी को प्रभावित किया।
वृंदावन हेरिटेज के अध्यक्ष महंत मदन बिहारीदास महाराज ने कहा कि विद्यालयों से जो शिक्षा प्रदान की जाए, वह ऐसी हो कि उससे शिक्षित बालक भारत को गौरवान्वित करने वाले निकलें। वीनू अग्रवाल, प्रबंधक अनिल कुमार अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, सुरेशचंद्र अग्रवाल ने अतिथियों को स्मृति चिह्न प्रदान किए।
सीए कुलदीप अरोड़ा, प्रदीप गोस्वामी, मोहनस्वरूप भाटिया, संजीव सक्सेना, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सोहन सिंह सिसौदिया, सतीश अग्रवाल आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आनंद अग्रवाल, आकांक्षा अग्रवाल और रिचा अरोड़ा ने संयुक्त रूप से किया।