सौंख। कस्बे के लुहार बाजार समेत कई क्षेत्रों में व्याप्त जलभराव की समस्या को लेकर व्यापारियों ने हंगामा किया। बाजार बंद कर नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। हंगामे की सूचना पर तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और समाधान का आश्वासन दिया। वहीं नगर पंचायत द्वारा पंप सेट लगाकर पानी निकासी का कार्य शुरू करा दिया है।
बृहस्पतिवार को व्यापार मंडल के अध्यक्ष महेश अग्रवाल के नेतृत्व में बाजार में जलभराव की समस्या को लेकर व्यापारियों ने प्रदर्शन किया। लुहार बाजार में आक्रोशित व्यापारियों ने दुकानें बंद रखी। व्यापारियों का कहना है कि जलभराव से बदबू और संक्रमण फैलने की आशंका है। सूचना पर तहसीलदार सुशील कुमार गुप्ता, ईओ चेतन तिवारी, चेयरमैन योगेश लंबरदार, लिपिक हरेंद्र बाबू, सफाई नायक योगेश कुमार, चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार मौके पर पहुंचे और जलभराव का निरीक्षण किया।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष महेश अग्रवाल ने अधिकारियों को बताया कि पिछले दो माह से जलभराव की समस्या बनी हुई है जबकि त्योहार समीप हैं। जलभराव के कारण ग्राहक दुकानों पर नहीं पहुंच रहे हैं। तहसीलदार सुशील कुमार गुप्ता ने बताया कि कई स्थानों पर बंद लगाने से पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। चेयरमैन योगेश लंबरदार ने बताया कि पानी निकासी के लिए सीवर लाइन का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। आश्वासन के बाद व्यापारियों ने बाजार को खोल दिया। समस्या को लेकर नगर पंचायत के सभासद भी व्यापारियों के साथ आ गए। उनका कहना है कि जलभराव की समस्या का समाधान होना चाहिए। इसमें सभासद विनोद चौधरी, ओमप्रकाश अग्रवाल, सागर गर्ग, सावित्री देवी, सुनील वर्मा, प्रमोद अग्रवाल, बनवारी गर्ग, राजकुमार वर्मा, नीरज शर्मा, अशोक कुंतल, विजय सिंह आदि मौजूद रहे।
फोटो 2: जलभराव की सूचना पहुँचे तहसीलदार सुशील कुमार गुप्ता, ईओ चेतन तिवारी, चेयरमैन योगेश लंबरद- फोटो : हरख रेंज के पारा इब्राहिम गांव में तस्कर से बरामद कछुवा