मथुरा। कलेक्ट्रेट सभागार में त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन– 2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की गई। बैठक में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पिछले 20 वर्षों के आपराधिक इतिहास का रिकॉर्ड संकलित कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करें। उन्होंने बताया कि जनपद में 396 विद्यालयों को जर्जर घोषित किया गया है, ऐसे सभी विद्यालयों को ध्वस्त करने की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) के दायित्व से हटाते हुए अनुभवी कर्मचारियों को ही बीएलओ नियुक्त करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज वर्मा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व उप जिलाधिकारी सदर अभिनव जे. जैन, मांट रितु सिरोही, छाता वैभव गुप्ता, गोवर्धन प्राजक्ता त्रिपाठी, महावन कंचन गुप्ता सहित समस्त तहसीलदार, विकास खंड अधिकारी और पंचायत राज विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।